The Bastar Roots | Chhattisgarh News
लोक जीवन 4 जुलाई 2026 2 मिनट का पठन 4 जुलाई 2026

बस्तर को रायपुर से जोड़ने वाली रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार

अपडेट किया गया: 4 जुलाई 2026

बस्तर को रायपुर से जोड़ने वाली रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार

बस्तर को रायपुर से जोड़ने वाली रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, 3513 करोड़ रुपये से बनेगी 140 किमी नई रेल लाइन

जगदलपुर। बस्तर को रायपुर से सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना अब साकार होता दिखाई दे रहा है। बहुप्रतीक्षित रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना ने गति पकड़ ली है। बस्तर क्षेत्र में प्रारंभिक स्तर पर भूमि सीमांकन का कार्य पूरा होने के बाद रेलवे निर्माण शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार बस्तर जिले में लगभग 14 किलोमीटर क्षेत्र में भूमि सीमांकन का कार्य पूरा हो चुका है। पाली, कुड़का, नार और बालेगा क्षेत्र में रेलवे अधिकारियों द्वारा सर्वे और चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मई 2025 में केंद्र सरकार ने 3513 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। योजना के तहत नारायणपुर से जगदलपुर तक 140 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। लंबे समय से भूमि अधिग्रहण और मुआवजा संबंधी विवादों के कारण यह परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी, लेकिन अब इन बाधाओं के दूर होने के बाद काम में तेजी आने की उम्मीद है।

रेल लाइन बनने के बाद बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर के लाखों लोगों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में आवागमन आसान होगा, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी विकसित होंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि केवल रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना ही नहीं, बल्कि कोंडागांव, धमतरी, बीजापुर और सुकमा को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में भी विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार रेलवे अधिकारियों ने हाल ही में परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण किया है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। यह परियोजना बस्तर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

लेखक

बस्तर संवाददाता

इस लेखक की सभी ख़बरें
बस्तर संवाददाता

और भी पढ़ें