जगदलपुर में 18 से 25 अक्टूबर तक लगेगा भव्य स्वदेशी मेला
Jagdalpur News - जगदलपुर स्वदेशी उत्पादों और स्वदेशी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जगदलपुर के लालबाग मैदान में 18 से 25 अक्टूबर तक स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पिछले वर्ष आयोजित मेले में बड़ी संख्या में स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए थे और लोगों ने उत्साह के साथ खरीदारी की थी। इस वर्ष भी मेले में स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
आयोजन को लेकर हुई बैठक
मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा को लेकर बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और शहर के नागरिकों ने हिस्सा लिया और आयोजन को लेकर अपने सुझाव दिए।
बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख एवं प्रांत मेला प्रमुख सुब्रत चाकी ने मेले के उद्देश्य और आयोजन की रूपरेखा पर जानकारी दी।
बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने मेले में बिक्री के लिए रखे जाने वाले स्वदेशी उत्पादों पर जीएसटी में छूट की संभावनाओं को लेकर राज्य सरकार से चर्चा करने का सुझाव दिया।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने कहा कि स्वदेशी की भावना प्रत्येक भारतवासी में होनी चाहिए। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलने से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
स्वदेशी जागरण मंच बस्तर संभाग के संयोजक डॉ. राम राकेश जांगिड़ ने कहा कि जगदलपुर-बस्तर में पिछले वर्ष स्वदेशी जागरण मंच की गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर उदाहरण के रूप में देखा गया। उन्होंने इसके लिए बस्तरवासियों और स्वदेशी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
मेला आयोजन समिति घोषित
बैठक के अंत में मेला आयोजन समिति की घोषणा की गई। किशोर पारीख को मेला संयोजक, श्याम सोमानी को स्वागत समिति अध्यक्ष और संजय पांडे को स्वागत समिति सचिव बनाया गया। वहीं कल्पना शर्मा को मेला महिला कार्यप्रमुख तथा अनिल लुकड़ और लक्ष्मण झा को मेला सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन विधु शेखर झा ने किया।
मेले में स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के माध्यम से लोगों को स्थानीय एवं भारतीय उत्पादों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा