शशिकांत द्विवेदी को मिला राज्य मंत्री का दर्जा, सहकारिता क्षेत्र में लंबे अनुभव का मिलेगा लाभ
रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने विभिन्न निगम, मंडल, आयोग एवं संस्थाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों को मंत्री दर्जा प्रदान करने संबंधी आदेश जारी किया है। 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
राज्यपाल के नाम से जारी आदेश में कहा गया है कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को दिए गए मंत्री दर्जे के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक विभाग अथवा आयोग की होगी।
राज्य मंत्री का दर्जा मिलने पर शशिकांत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश भाजपा महामंत्री संगठन पवन साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
सहकारिता क्षेत्र में लंबा अनुभव
शशिकांत द्विवेदी इससे पहले जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान बैंक को सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2011 के ‘ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।
इसके अलावा वर्ष 2024 में शशिकांत द्विवेदी को व्यक्तिगत रूप से सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण सम्मान 2024 ‘ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
वे पूर्व में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। संगठनात्मक क्षेत्र में उन्होंने भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के रूप में करीब पांच वर्षों तक जिम्मेदारी संभाली।
सहकारिता क्षेत्र में विकास की उम्मीद
शशिकांत द्विवेदी को राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के बाद भाजपा समर्थकों, शुभचिंतकों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। समर्थकों का कहना है कि सहकारिता क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ छत्तीसगढ़ में सहकारी संस्थाओं के विकास को मिल सकता है।
राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के साथ ही अब सहकारिता क्षेत्र में उनके अनुभव और नेतृत्व से नई योजनाओं एवं कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।